नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया: शहर में चोरी की एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है, जहां चोर को पकड़वाने पर इनाम की घोषणा ने चोरों को इतना डरा दिया कि वे खुद ही चोरी किया सामान वापस करने मजबूर हो गए। यह मामला दतिया के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां स्टेडियम के पास स्थित गिर्राज डेयरी के बाहर रखी प्लास्टिक की पानी की टंकी को चोर पहले उठा ले गए थे, लेकिन बाद में डर के कारण आधी रात को उसी जगह वापस रख गए।
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और अब चोरी का और टंकी वापिस रखने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार सात फरवरी की रात दो चोर साइकिल से डेयरी के बाहर रखी पानी की प्लास्टिक टंकी चोरी कर ले गए थे। सुबह जब डेयरी संचालक को इस बात का पता चला तो उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों चोर साफ दिखाई दे रहे थे।
संचालक ने वीडियो बनाकर इंटरनेट पर डाला
इसके बाद डेयरी संचालक ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने चोरों की पहचान बताने वाले को उचित इनाम देने की घोषणा कर दी। वीडियो वायरल होते ही मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया। शायद यही बात चोरों को डराने के लिए काफी थी।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में राज्य वन सेवा के 24 अधिकारियों की आईएफएस संवर्ग में नियुक्ति
बताया जा रहा है कि बुधवार 11 फरवरी की रात को वही चोर पैदल ही डेयरी के बाहर पहुंचे और चोरी की गई टंकी को चुपचाप दुकान के सामने रखकर वहां से निकल गए। टंकी वापिस रखने की घटना भी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिससे यह साफ हो गया कि चोरी करने वाले खुद ही डर के मारे सामान लौटाने आए थे।
डेयरी संचालक का कहना है कि टंकी रोज की तरह दुकान के बाहर ही रखी रहती थी और किसी को अंदाजा भी नहीं था कि इतनी मामूली चीज की चोरी हो जाएगी।
0 Comments
Thank YOU ! for Comment
Emoji